कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा, थामा आजसू का दामन

InsightOnlinenews Desk
रांची: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने पार्टी को टा-टा बोल दिया है। घाटशिला से टिकट नहीं मिलने से वे नाराज चल रहे थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफा पत्र में उन्होंने पार्टी छोड़ने के कारण विस्तार से बताए हैं। इसके बाद वे आजसू में शामिल हो गए।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफा पत्र में बलमूचू ने कहा है कि तीस साल से उन्होंने पार्टी में विभिन्न पदों पर रहकर कांग्रेस की समर्पित भाव से सेवा की, लेकिन पिछले दो साल से ऐसा महसूस होता रहा कि पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ता की आवश्यकता नहीं है। हद यह कि कोई शीर्ष नेता भी कार्यकर्ताओं की तकलीफें सुनने को तैयार नहीं है। अगर किसी ने सुन भी लिया तो तकलीफ दूर करने की कोशिश नहीं की जाती। ऐसे में भारी मन से पार्टी छोड़ रहे हैं। बलमुचू ने अपने पत्र में कांग्रेस की मजबूती की शुभकामनाएं भी दी हैं। इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को भी दी गई है।
बलमुचू घाटशिला से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र खरीद चुके हैं। वे आज ही राजधानी रांची में पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो की मौजूदगी में आजसू में शामिल हो गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने घाटशिला से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रखी थी। कांग्रेस उन्हें कहीं और से लड़ाना चाहती थी। अगर वे घाटशिला से चुनाव नहीं लड़ते तो कार्यकर्ताओं का अपमान होता। आजसू में शामिल होने के बाद रांची से वाया जमशेदपुर घाटशिला जाएंगे जहां कार्यकर्ताओं ने स्वागत की खास तैयारी कर रखी है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के समर्पित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदीप बालमुचू के इस दल बदल के कदम की घोर भत्र्सना की है और उन्हें स्वार्थी और पद लोलुप करार दिया। कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं का मानना है कि इस तरह के दलबदलू और भीतरघाती नेताओं को जनता चुनाव में सबक सिखायेगी।
There are no comments at the moment, do you want to add one?
Write a comment