झारखंड में भाजपा का परचम फिर लहराया

झारखंड में विपक्षी दल तमाम कोशिशों और गठबंधन बनाकर भाजपा के विजय रथ को रोकने में कामयाब नहीं हो सके। भाजपा ने राज्य में इस बार भी पिछले चुनाव के प्रदर्शन को दोहराते हुए लोकसभा की 12 सीटों पर जीत दर्ज करने की ओर बढ. रही है।
झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटों के लिए हुए चुनाव के अबतक घोषित 13 परिणामों में 11 भाजपा गठबंधन के पक्ष में गये हैं। जबकि विपक्षी गठबंधन के दो उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। खूंटी सुरक्षित लोकसभा सीट का अंतिम परिणाम आना अभी बाकी है।
भाजपा ने रांची, हजारीबाग, चतरा, पलामू, धनबाद, जमशेदपुर, कोडरमा, लोहरदगा और गोड्डा सीट बरकरार रखी है। जबकि भाजपा ने दुमका सीट झामुमो से छिनी है। भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी ने गिरिडीह पर जीत दर्ज की है। भाजपा को सिंहभूम लोकसभा सीट इस बार कांग्रेस के हाथों गवानी पडी। उधर, विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार झामुमो के विजय कुमार हांसदा ने अपनी राजमहल सीट बरकरार रखा।
रांची से भाजपा के संजय सेठ ने कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय को 283026 मतों से हराया।
हजारीबाग से भाजपा उम्मीदवार केन्द्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने कांग्रेस के गोपाल प्रसाद साहू को 479548 मतों से पराजित किया।
चतरा से भाजपा के सुनील कुमार सिंह ने कांग्रेस के मनोज कुमार यादव को 363408 वोटों से हराया।
पलामू में भाजपा के बीडी राम ने राजद के घुरन राम को 475862 मतों से पराजित किया।
धनबाद में भाजपा के पीएन सिंह ने कांग्रेस के कीर्ति आजाद को 399356 मतों से हराया।
जमशेदपुर में भाजपा के विद्युतवरण महतो ने झामुमो के चंपई सोरेन को 302090 मतों से पराजित किया।
कोडरमा से भाजपा की अन्नपूर्णा देवी ने झाविमो के बाबूलाल मरांडी को 455600 वोटों से शिकस्त दी।
लोहरदगा से भाजपा उम्मीदवार केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कांग्रेस के सुखदेव भगत को 9459 मतों से हराया।
गोड्डा से भाजपा के निशिकांत दूबे ने झाविमो के प्रदीप यादव को 184706 मतों से हराया।
दुमका संसदीय सीट से भाजपा के सुनील सोरेन ने झामुमो के शिबू सोरेन को 47590 वोटों से पराजित किया।
भाजपा की सहयोगी आजसू उम्मीदवार राज्य के पेयजल मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने गिरिडीह लोकसभा सीट से झामुमो के जगन्नाथ महतो को 248347 मतों से हराया।
सिंहभूम संसदीय सीट से कांग्रेस की गीता कोडा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ 72155 मतों से पराजित किया।
राजमहल संसदीय सीट से झामुमो के विजय कुमार हांसदा ने भाजपा के हेमलाल मुर्मू को 99362 मतों से हराया।
चुनाव कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार खूंटी लोकसभा सीट की मतगणना अभी जारी है।
There are no comments at the moment, do you want to add one?
Write a comment