रांची से नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने भाजपा से भरा नामांकन पत्र

पिछले 24 साल से विधायक हैं सीपी सिंह
झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं
रांची, 22 नवंबर । तीसरे चरण के लिए शुक्रवार को रांची विधायक व शहरी विकास मंत्री चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह (सीपी सिंह) ने छठी बार भारतीय जनता पार्टी से नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ रांची सांसद संजय सेठ और मेयर आशा लकड़ा भी उपस्थित थीं। नामांकन दाखिल करने से पहले सीपी सिंह ने प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना की। सीपी सिंह रांची से पिछले 24 साल से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। वर्तमान में वे झारखंड सरकार में नगर विकास मंत्री हैं। इससे पहले वे झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
रांची सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा के कार्यालय में नामांकन करने आए प्रत्याशी सहित 5 लोगों से अधिक को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। समाहरणालय के ए और बी ब्लॉक के मुख्य गेट पर काफी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। समाहरणालय के ए ब्लॉक में खिजरी, हटिया और सिल्ली विधानसभा के निर्वाचित पदाधिकारी का कक्ष है जबकि बी ब्लॉक में रांची और कांके विधानसभा के निर्वाचि पदाधिकारी का कक्ष है। आम लोगों के वाहनों की जांच कर मेन गेट से पार्किंग तक के लिए प्रवेश करने दिया जा रहा है। किसी भी राजनीतिक दल के वाहन को पार्किंग में भी लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मेन गेट से ही उन्हें वापस कर दिया गया।
तीसरे चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर है। 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 नवंबर तक नामांकन वापस लिये जा सकेंगे। तीसरे चरण के तहत 17 सीटों पर 12 दिसंबर को मतदान संपन्न कराए जाएंगे और 23 दिसंबर मतगणना होगी।
(हि.स.)
There are no comments at the moment, do you want to add one?
Write a comment