दिल्ली में मार्च 2026 तक 1,140 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मार्च 2026 तक 1,140 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) खोले जाएंगे। तीस हजारी कोर्ट परिसर सहित पूरी दिल्ली में 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 17 जन औषधि केंद्रों के शुभारंभ के अवसर पर गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कुल 1140 आरोग्य मंदिर स्वीकृत किए गए हैं और इन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए उनके पास मार्च 2026 तक की समय सीमा है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 33 जगहों पर आरोग्य मंदिर और 17 जगह जन औषधि केंद्र खोले जा रहे हैं। इसमें विशेष रूप से जनता को बहुत सारी सुविधाएं दी जाएंगी। साथ बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलेगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन एवं जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को 2400 करोड़ रुपए दिए थे और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य ढांचा उपलब्ध कराने, जगह-जगह जन आरोग्य मंदिर खोलने और दिल्ली के लोगों को मुफ्त जांच की सुविधा देने का निर्देश दिया था, लेकिन पिछली सरकार ने उस दिशा में कभी काम नहीं किया।
गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य ढांचा उपलब्ध नहीं करा सकी। वे मुफ्त जांच या टीकाकरण प्रदान नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने तुरंत काम शुरू किया और मात्र 100 दिनों में आज 33 आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन हो चुका है।
उन्होंने पूर्व की आपापा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक की हालत सभी जानते हैं। पोर्टा कैबिन में बनाए गए मोहल्ला क्लीनिक में प्रति मरीज स्वास्थकर्मी को सैलरी मिलती थी, लेकिन मरीजों को स्वास्थ सुविधा नहीं दी जाती थी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना के तहत आरोग्य मंदिरों में अब महिलाओं की डिलीवरी और उसके बाद देखभाल, पांच तरह के कैंसर की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए टीकाकरण, निशुल्क दवा और 105 जांच की सुविधा दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि ये केंद्र सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना सुबह 8:30 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक खुलेंगे। शनिवार को सुबह 8:30 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा जबकि रविवार को ये केंद्र बंद रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उनके छह कैबिनेट मंत्री, सात सांसद और विधायक भी शामिल हुए।