750 यात्रियों को मिलेगा कैलाश मानसरोवर जाने का मौका
नई दिल्ली: छह वर्ष बाद एक बार फिर भारतीय तीर्थयात्री कैलास मानसरोवर की यात्रा पर जा सकेंगे। इस बारे में चीन और भारत के बीच पहले से ही बनी सहमति के बाद बुधवार को विदेश मंत्रालय ने लाटरी सिस्टम के जरिये सौभाग्यशाली यात्रियों के नामों की घोषणा की।
750 यात्रियों को कैलास मानसरोवर जाने का मौका मिलेगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि जून से अगस्त के बीच 50-50 यात्रियों का कुल 15 जत्था मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना होगा।
पांच जत्था लिपुलेख के रास्ते मानसरोवर जाएगा. जबकि 10 जत्थे अलग अलग समय पर नाधु ला रूट से जाएंगे। यह भी बताया गया है कि दोनों मार्ग काफी हद तक कार से जाने लायक बना दिए गए हैं। इसलिए यात्रियों को कम पैदल यात्रा करनी होगी। विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्द्धन सिंह ने चयनित यात्रियों के नाम लाटरी सिस्टम के जरिये निकाले। विदेश मंत्रालय का दावा है कि लाटरी प्रणाली कंप्यूटर आधारित है, जो पूरी तरह से पारदर्शी है। इस साल कुल 5,561 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।