HindiInternationalNationalNewsPolitics

अल्जीरियाई विश्वविद्यालय ने राष्ट्रपति मुर्मु को मानद डॉक्टरेट की उपाधि की प्रदान

अल्जीरियस 15 अक्टूबर : अल्जीरिया के शहीद इहादादेन अब्देलहाफिद वैज्ञानिक और तकनीकी विश्वविद्यालय ने मंगलवार को यहां एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की।

भारत में सभी सामाजिक समूहों के लिए विज्ञान और ज्ञान की वकालत के लिए उन्हें राजनीति विज्ञान में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि यह एक व्यक्ति से अधिक भारत के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस सम्मान के लिए विश्वविद्यालय को धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा न केवल व्यक्तिगत सशक्तिकरण बल्कि राष्ट्रीय विकास का भी साधन है। छात्रों को प्रबुद्ध नागरिक के रूप में विकसित करने और भारत को ‘ज्ञान अर्थव्यवस्था’ में ले जाने के उद्देश्य से, भारत सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में कई सुधार किए हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का लक्ष्य सभी स्तरों पर शिक्षा प्रणाली में बदलाव लाना है। यह नीति विदेशी शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग के रास्ते भी खोलती है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत पश्चिमी संस्थानों की तुलना में बहुत कम लागत पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है और अफ्रीकी छात्रों को कई छात्रवृत्तियां और फेलोशिप भी प्रदान करता है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों और अल्जीरिया के युवाओं को भारत सरकार की विभिन्न पहलों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-अल्जीरिया संबंध अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने से काफी दूर हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और अल्जीरिया के युवा इसे हासिल करेंगे और वे अंततः हमारे लोगों के बीच मजबूत संबंधों को बढ़ाने के लिए सेतु बनेंगे।

राष्ट्रपति बुधवार को मॉरिटानिया के लिए रवाना होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *