HindiJharkhand NewsNews

राज्य में बदला मौसम का मिजाज, 17-18 को गरज के साथ होगी बारिश

रांची, 16 अक्टूबर । राजधानी रांची में मौसम का मिजाज बुधवार काे बदला। आकाश में काले बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। बादल भी गरजने लगे। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि राज्य के नौ जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। गरज के साथ बारिश हो सकती है। जिन जिलों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है, उनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, धनबाद, गुमला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले शामिल हैं।

मौसम केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन की वजह से मौसम ने करवट ली है। इस कारण बादल छाए हुए हैं और बारिश भी हो रही है। इसका येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 और 18 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना है। रांची सहित देवघर, धनबाद, गोड्डा, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में 17 अक्टूबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है जबकि 18 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना है। इसके बाद 19 अक्टूबर से मौसम साफ हो जाएगा।

इसके साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट आयेगी। इस गिरावट की वजह से सुबह और शाम ठंड महसूस हाेने लगेगी। बुधवार काे देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गाेड्डा, जामताड़ा, पाकुड् व साहिबगंज में अधिकतम 33 और न्यनूतम 24 डिग्री, काेडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लाेहरदगा, पलामू में अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री रहा। वहीं रांची, हजारीबाग, खूंटी, गुमला में अधिकतम 31 और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया।

आईएमडी ने लोगों से आग्रह किया है कि मौसम खराब रहने पर यदि आप घर से बाहर हैं, तो सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसी स्थिति में आप सुरक्षित स्थान पर ही ठहरें। किसी भी स्थिति में पेड़ के नीचे ठहरने से परहेज करें। इस दौरान बिजली के खंभों से भी दूरी बनाए रखें। किसान भाई अपने खेतों में नहीं जाएं। वे मौसम के सामान्य होने की प्रतीक्षा करें। इसके बाद ही खेतों की ओर रुख करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *