राज्य में अपराधी बेलगाम और सरकार तथा प्रशासन पंगु : सेठ
रांची, 26 मार्च । भाजपा रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री, रामनवमी समिति, कांके के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर महतो की बुधवार को हत्या की घटना पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सेठ ने कहा है कि यह घटना हतप्रभ करने वाली है। कांके चौक पर दिनदहाड़े वरिष्ठ और सक्रिय नेता की हत्या हो जाती है। बीच चौराहे पर अपराधी गोली मार के चल देते हैं और पुलिस प्रशासन हाथ पे हाथ धरे बैठा रह जाता है।
उन्होंने कहा कि रांची में पुलिसिंग पूरी तरह फेल है। अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ खत्म हो चुका है। इस घटना ने एक बार फिर से प्रमाणित कर दिया कि शहर में कोई सुरक्षित नहीं है।
सेठ ने कहा कि अनिल महतो टाइगर की हत्या निरंकुश हो चुके अपराधियों ने अंजाम दिया है। एक तरफ झारखंड का विधानसभा सत्र चल रहा है और दूसरी तरफ इतनी बड़ी घटना को अपराधी अंजाम देकर निकल जा रहे हैं। यह राज्य सरकार और झारखंड की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल है।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी हो। मुख्यमंत्री खुद इस मामल में हस्तक्षेप करें। साथ ही उन्होंंने सरकार से रांची में पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा करने और पुलिस पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे। यदि यह सरकार ऐसा नहीं कर सकती है तो सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।