HindiInternationalNewsPolitics

वियतनाम ने युद्ध की समाप्ति की 50वीं वर्षगांठ मनाई, शांति और एकता पर दिया गया जोर

हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम), 30 अप्रैल । वियतनाम ने बुधवार को अमेरिका के साथ युद्ध की समाप्ति और आधुनिक राष्ट्र की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर राजधानी हो ची मिन्ह सिटी में भव्य सैन्य परेड का आयोजन हुआ और देश के नेताओं ने शांति, एकता और समृद्धि की ओर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

30 अप्रैल 1975 को सैगॉन (अब हो ची मिन्ह सिटी) पर उत्तर वियतनामी और वियेत कॉन्ग सेनाओं के नियंत्रण के साथ ही वियतनाम का विभाजन समाप्त हो गया था। इस ऐतिहासिक दिन को ‘देश की एकता का प्रतीक’ बताते हुए वियतनामी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव तो लाम ने कहा, “सभी वियतनामी इस देश की संतान हैं और उन्हें यहां जीने, काम करने, प्रेम और खुशियों की तलाश का पूरा अधिकार है।”

तो लाम ने कहा, “भूतकाल को बंद करने, मतभेदों का सम्मान करने और भविष्य की ओर बढ़ने की भावना के साथ, पूरी पार्टी, जनता और सेना वियतनाम को एक शांतिपूर्ण, एकीकृत और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

तो लाम ने कहा कि फ्रांसीसी उपनिवेशवाद और अमेरिका के खिलाफ 30 वर्षों की लड़ाई के बाद मिली यह जीत ‘गौरवपूर्ण मील का पत्थर’ है। उन्होंने वियतनाम की वर्तमान वैश्विक स्थिति का श्रेय सोवियत संघ, चीन, लाओस, कंबोडिया और विश्वभर के प्रगतिशील नागरिकों को दिया, जिनमें अमेरिका के लोग भी शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में कंबोडिया के पूर्व प्रधानमंत्री हुन सेन और लाओस के कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव थोंगलुन सिसोलिथ भी उपस्थित रहे।

वर्षगाठ कार्यक्रम के दौरान पूरा शहर वियतनाम के लाल-पीले राष्ट्रीय ध्वज से सजा हुआ था। लोग अपने चेहरों और कपड़ों पर राष्ट्रीय ध्वज के रंगों को पहनकर देशभक्ति का प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, शहर में निकाली गई एक झांकी में वियतनाम के पौराणिक पक्षी ‘लाक’ की आकृति थी, तो दूसरी में हो ची मिन्ह का चित्र। वहीं, निकाले गए परेड में वियतनामी सेना के साथ चीन, लाओस और कंबोडिया के सैनिकों ने भी हिस्सा लिया। हेलिकॉप्टरों और विमानों ने शहर के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज के साथ उड़ान भरी, जबकि इंडिपेंडेंस पैलेस के पास उस ऐतिहासिक क्षण को भी याद किया गया जब एक उत्तरी वियतनामी टैंक ने इसके गेट को तोड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *