HindiJharkhand NewsNews

चाईबासा: बोलेरो की टक्कर से दो किशोर की मौत

पश्चिम सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधबिला मोड़ के पास रविवार देर रात एक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तीन युवक पल्सर बाइक से भोज कार्यक्रम से लौट रहे थे और तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान पोखरपी गांव निवासी गंगा लागुरी (16) और श्याम लागुरी (17) के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक, लालसिंह बंकिरा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए नोवामुंडी के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक लोकेसाई गांव में भोज कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में वे दुधबिला गांव की ओर मुड़ गए। रात लगभग 12 बजे के आसपास दुधबिला मोड़ पर उनकी बाइक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर गिर पड़े। लालसिंह खेत में जा गिरा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जेटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा। वहीं घायल को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अज्ञात बोलेरो वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस पदाधिकारी के अनुसार अज्ञात वाहन के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *