HindiJharkhand NewsNews

पलामू: जेई का शव कुएं से मिला, हत्या की आशंका

पलामू। गढ़वा जिले की श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर मर्चवार गांव में बुधवार रात बारात आए

एक युवक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। उसका शव कुएं से बरामद किया गया। युवक की पहचान अंबिकापुर , गांधीनगर के रामाशीष विश्वकर्मा के पुत्र विकास विश्वकर्मा (32) के रूप में हुई है। विकास अपने भाई के दोस्त की बारात डंडई प्रखंड के महूडंड गांव आया था। कैलाश ठाकुर के पुत्र राकेश कुमार ठाकुर का सिंहपुर मर्चवार गांव में प्रमोद ठाकुर के यहां बारात आई थी। विकास विश्वकर्मा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के ओबरा में बिजली विभाग में जेई के पद पर कार्यरत था। वह अपने दोस्तों के साथ ओबरा से डायरेक्ट मर्चवार गांव आया था। वह अपने दोस्तों के साथ बारात में डांस कर रहा था। इसी क्रम में वह मध्य रात्रि के समय अचानक गायब हो गया। दोस्तों ने उसे फोन लगाया, लेकिन नहीं लगने पर खोजबीन शुरू की। नहीं मिलने पर विकास के परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर श्री बंशीधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव नाथभोग आटा मिल के बगल के कुएं में तैरते देखा, जिसकी सूचना मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंच कर शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की पहचान विकास विश्वकर्मा के रूप में की गई।

घटना की सूचना पाकर बंशीधर नगर डीएसपी सत्येंद्र कुमार घटनास्थल पहुंच कर मामले की जानकारी ली। इस घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। घटना को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ठोस जानकारी देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *