NewsHindiJharkhand NewsPolitics

देश की एकता और अखंडता के लिए डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जान की बाजी लगा दी : बाबूलाल

रांची, 23 जून । प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद, जनसंघ के संस्थापक और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणा पुरुष डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर बलिदान दिवस के रूप में मनाया। डॉ मुखर्जी के चित्र,प्रतिमा पर पुष्प,माला अर्पित कर नमन किया और उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की।

अपने संथाल परगना प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने देवघर परिसदन में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जान की बाजी लगा दी। कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद अनुच्छेद 370 के माध्यम से जम्मू कश्मीर को देश से काटने की कोशिश की। सत्ता की भूखी नेहरू सरकार ने जम्मू कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री, अलग संविधान और अलग झंडे की मान्यता दी। शेष भारत के लोगों को कश्मीर में प्रवेश करने के लिए परमिट का प्रावधान किया।

उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका प्रबल विरोध करते हुए बिना परमिट के कश्मीर की सीमा में प्रवेश किया। गिरफ्तारी दी और अंत में स्वतन्त्र भारत के इतिहास में राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।

कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने अपने सरिया स्थित आवास पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक सीमा में सनातन काल से जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। मां भारती का मुकुट है। उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी इस सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे।

भाजपा अपने प्रेरणा पुरुष डॉक्टर मुखर्जी के सपनों के अनुरूप सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत कर रही।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह जी ने प्रदेश कार्यालय में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक कुशल संगठनकर्ता थे। उनके जरिये लगाया गया संगठन का पौधा आज विशाल वट वृक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी संगठन जनसंघ ही आज भाजपा के रूप में विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन गया। भाजपा 14 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा की विचार धारा भारत की मिट्टी की विचार धारा है। एक भारत श्रेष्ठ भारत भाजपा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा कर रहे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, कार्यालय मंत्री हेमंत दास,प्रदेश मंत्री सरोज सिंह,मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, अरुण झा,सुनील साहू, अनिल सिंह ,लक्ष्मी चंद्र दीक्षित, संजय चौधरी सहित अन्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *