HindiJharkhand NewsNewsPolitics

रांची में जल जमाव पर नही जागे मंत्री तो सड़कों पर करेंगे धानरोपनी : युवा शक्ति

रांची, 23 जून । राजधानी रांची में जल जमाव की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शहर के कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया है।

कार और बाइक को पानी में तैरते देखा जा रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस समस्या को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि अगर नगर विकास मंत्री और नगर निगम नींद से नहीं जागे तो विवश होकर धानरोपनी की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान उत्तम यादव ने कहा की नगर विकास मंत्री और नगर निगम गहरी नींद में सोए हुए हैं। ऐसा लगता है कि अब उनकी नींद 2029 के चुनाव में ही खुलेगी। विधानसभा का बजट सत्र एक महीने का था। लेकिन सदन में रांची का कोई भी जनप्रतिनिधि रांची की समस्याओं को लेकर गम्भीर नजर नही आया। सदन में सिर्फ इधर-उधर बातें कर सदन का एक महीने का कीमती समय गुजार दिया गया। हम एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते, नगर विकास मंत्री और नगर निगम को जगाएंगे। ताकि रांची की नालियों की साफ सफाई हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी राजनीतिक दल लापता हो गए हैं। रांची की जनता का कोई सुध लेने वाला नहीं है। अगर तत्काल नगर विकास मंत्री और नगर निगम नींद से नहीं जागे तो विवश होकर जल जमाव स्थल पर प्रदर्शन किया जाएगा और धानरोपनी की जाएगी। इस मौके पर प्रदर्शकारियों ने रांची की नालियों की सफाई करने की मांग की।

इस दौरान सावन लिंडा, शैलेश नंद तिवारी, उमेश साहू, सोनू गुप्ता, रोशन राम वर्मा, आशीष विभूति, प्रीति सिन्हा जायसवाल, नीरज सिंह, चंद तिवारी, निखिल गुप्ता, अनुराग तिर्की सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *