भारत और दक्षिण अफ्रीका ने पनडुब्बी सहयोग के क्षेत्र में दो समझौते किए
– रक्षा सचिव ने जोहान्सबर्ग में 9वीं संयुक्त रक्षा समिति की बैठक में भारत का नेतृत्व किया
नई दिल्ली, 24 जून । रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 9वीं संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। बैठक के पहले दिन की शुरुआत दोनों सह-अध्यक्षों की टिप्पणियों के साथ हुई, जिसमें एजेंडा निर्धारित किया गया। दोनों पक्षों ने अपने-अपने रक्षा उद्योग की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी।
दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उस देश के कार्यवाहक रक्षा सचिव डॉ. थोबेकिले गामेदे ने किया। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के साथ ऐतिहासिक संबंधों को याद किया तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने रक्षा विनिर्माण और निर्यात में भारत की बढ़ती ताकत पर प्रकाश डाला तथा दक्षिण अफ्रीका के साथ संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के दूसरे दिन आपसी हित के क्षेत्रों पर चर्चा की गई तथा भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को और मजबूत करने के लिए आगे का रास्ता तय किया गया। पनडुब्बी सहयोग के क्षेत्र में हाल ही हस्ताक्षरित दो समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। बैठक में रक्षा नीति एवं सैन्य सहयोग तथा रक्षा अधिग्रहण, उत्पादन, अनुसंधान एवं विकास संबंधी दो उप-समितियों ने जेडीसी को चर्चा के परिणाम की रिपोर्ट दी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, रक्षा उत्पादन विभाग, सेना और भारतीय उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।