प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में विशाल महिला निरंकारी संत समागम संपन्न
Insight Online News
- महिला सन्त समागम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी
अयोध्या: रानो पाली अयोध्या स्थित सन्त निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित विशाल महिला सन्त समागम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रांची (झारखंड) से आई बहन चम्पा भाटिया जी ने कहा कि ज्ञान के समान संसार मे कुछ भी पवित्र नहीं है। स्नान करके पवित्र होना एक दिन का, कुछ पल का पवित्र होना है पर सतगुरु जब ब्रह्मज्ञान प्रदान करते है तो सदा सदा के लिए पवित्र कर देते हैं।

श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण ने भी यही कहा है: ”न हि ज्ञानेन सदृशम् पवित्रमिह विद्यते.. “
उन्होंने कहा कि सतगुरु को सभी प्यारे हैं पर ज्ञानी भक्त इन्हें विशेष प्यारे हैं। यह इनकी अपार कृपा है ये खुद ही ज्ञान देते हैं, खुद विशेष बनाते हैं और खुद ही प्यारा बना देते हैं। इनकी शरण में रह कर खुशियाँ ही खुशियाँ मिलती हैं। जोन स्तरीय निरंकारी संत समागम मे मऊ, आजमगढ़, लखनऊ, अंबेडकरनगर, अयोध्या के अतिरिक्त ग्रामीण अंचल रूदौली, मिल्कीपुर, पूराबाजार, श्री श्रृंगी ऋषि आश्रम, टिकैत नगर कुमारगंज आदि से भी सन्त महात्मा बहनें उपस्थित हुई।
समागम में अयोध्या की गौरवशाली संस्कृति और परंपरा को गीत संगीत, विचार और नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिज्ञासु भक्तो ने निराकार पारब्रह्म की जानकारी प्राप्त की। सभी के लिए लंगर परसादी की व्यवस्था की गई। पुलिस प्रशासन नगर पालिका का भरपूर सहयोग रहा।