तेलंगाना के पिछड़ों को दिए जा रहे आरक्षण का प्रचार करें कार्यकर्ता : के राजू
रांची, 26 मार्च । संगठन सृजन 2025 अभियान के तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी का पांच दिवसीय मंथन बुधवार को शुरू हुआ। दो सत्रों की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू मौजूद थे, जबकि बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया।
इस अवसर पर प्रभारी ने पिछले चुनाव के दौरान प्राप्त मत प्रतिशतों और सामाजिक समीकरणों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त वोट शेयर एवं स्ट्राइक रेट को सामने रखकर कारणों की चर्चा की तथा सुधार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारा परिणाम संतोषजनक नहीं है और यह एक बड़ी चुनौती है। हमें इस पर विचार कर काम में सुधार लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रमंडलों के भ्रमण के दौरान उन्होंने पाया कि पार्टी में संगठनात्मक शक्ति की कमी है। हम विभिन्न सामाजिक मुद्दों को धारदार तरीके से नहीं उठा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना में जातिगत जनगणना कराकर पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण दिया है। पार्टी के कार्यकर्ता इसका प्रचार आम लोगों में करें। कार्यकर्ताओं को देंगे उचित फोरम
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता नेतृत्व को अपनी बात कहना चाहते हैं, लेकिन उनके पास उचित फोरम नहीं है। हम उन्हें यह फोरम उपलब्ध कराएंगे। कार्यकर्ता काम करना चाहता है लेकिन काम करने के बावजूद उन्हें प्रोत्साहन नहीं मिलता इसे दूर किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को नेताओं से लगातार संपर्क में रहना होगा इसके लिए 14 अप्रैल को ऐप लांच किया जाएगा।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बातों को सीधे सुना जाएगा, बीच में कोई मिडिलमैन नहीं होगा। इसके लिए कनेक्ट सेंटर शुरू होंगे, जहां कार्यकर्ता सीधे अपनी बातों को रखेंगे। 100 दिनों की कार्य योजना तैयार है। के राजू ने कहा कि लोगों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके बाद 15 जुलाई को प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन किया जाएगा।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हर जिले के लिए पर्यवेक्षकों की घोषणा कर दी गई है, उन्हें 100 दिनों का टास्क दिया गया है। प्रत्येक महीने की एक या 15 तारीख को जिला कमेटी की बैठक में भाग लेना है। उन्होंने कहा कि प्रखंड मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति, प्रखंड की बैठकों की उचित निगरानी, ग्राम पंचायत स्तर पर समिति के गठन पर पूर्ण रूपेण नजर रखना, जिला प्रखंड स्तर पर संविधान बचाओ अभियान का आयोजन, जिला समिति के सदस्यों के नाम को कांग्रेस एप में शामिल करने की जिम्मेदारी पर्यवेक्षकों की है।
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू, राजेश ठाकुर, सुबोधकांत सहाय, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, जलेश्वर महतो, केएन त्रिपाठी, जेपी भाई पटेल, बृजेंद्र सिंह, मणिशंकर, अनादी ब्रह्म, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी, अमूल्य नीरज खलखो, बलजीत सिंह बेदी, संजय पांडे, अजय शाहदेव, आलोक कुमार दुबे, विनय सिन्हा दीपू सहित अन्य मौजूद थे।