झारखंड में कलाकारों के लिए हो अकादमी का गठन : के राजू
रांची, 15 अप्रैल । प्रदेश कांग्रेस की ओर से मंगलवार को नामकुम में धरोहर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के कलाकारों का सम्मान करने के साथ साथ उनके सुनहरे भविष्य की चिंता करना था। कार्यक्रम में गीत संगीत नृत्य, सिनेमा सहित कला के क्षेत्र के कलाकारों को सम्मानित किया गया। धरोहर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सह मुख्य वक्ता के तौर पर झारखंड के कांग्रेस प्रभारी के राजू, कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की सहित अन्य नेता शामिल हुए।
इस मौके पर पैनल डिस्कशन के जरिए झारखंड के कलाकारों की समस्याओं पर चर्चा हुई। झारखंड के कलाकारों ने कांग्रेस प्रभारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि तेलंगाना राज्य के गठन में कलाकारों की अहम भूमिका रही। कलाकारों के माध्यम से अलग राज्य गठन का संदेश केंद्र सरकार तक पहुंचाया गया। तेलंगाना सरकार ने कलाकारों के हित के लिए कई नीतियां बनाई हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की तर्ज पर झारखंड के कलाकारों के लिए भी सरकार को नीतियां बनानी चाहिए। इसके लिए अकादमी का गठन करने की जरूरत है।
पारंपरिक नृत्य और संगीत अपनाने की जरूरत : मंत्री
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा भाषा संस्कृत साहित्य और कला का अलग स्थान है। राज्य में कलाकारों के लिए अकादमी बनाने की बात पार्टी ने पूर्व में ही कह चुकी है। इसे लेकर प्रयास किया जाएगा। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आधुनिकता से दूर वर्तमान में पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला संस्कृति को अपनाने की जरूरत है। झारखंड के वाद्य यंत्रों की धुन के सामने सबकुछ फीका है। उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन में यहां के कलाकारों की बड़ी भूमिका रही है। कलाकारों ने झारखंड की संस्कृति को जिंदा रखा है। उन्होंने कहा कि पैनल डिस्कशन के माध्यम से कलाकारों ने जो मांग उठाई है उसका समाधान हो तो कलाकारों को लाभ होगा। इसके लिए सरकार को बेहतर नीति निर्धारण करना होगा।
पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड के कलाकारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कला के क्षेत्र में युवा कलाकारों को सरकार अवसर उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, रियाज अहमद, कुमार राजा, रमा खलखो, राजेश गुप्ता छोटू, मोहम्मद तौसीफ भी शामिल हुए।