HindiJharkhand NewsNewsPolitics

लोकप्रियता के लिए हथकंडा अपना रहे बाबूलाल : झामुमो

रांची, 2 जून । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से खुद को जान का खतरा बताने को लोकप्रियता हासिल करने का हथकंडा बताया है। झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बाबूलाल की ओर से गलत मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका भी निराधार है।

उन्होंने बाबूलाल के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री रहे हैं और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें ऐसे आधारहीन आरोप लगाने से पहले अपनी गरिमा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए। यह स्पष्ट है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार की बढ़ती लोकप्रियता और जनहितकारी नीतियों से वे निराश और हताश हैं।

उन्होंने कहा कि मरांडी का यह रवैया झारखंड की प्रगति के खिलाफ है। जब राज्य सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करती है तो मरांडी परेशान हो उठते हैं।

वे एंटी करप्शन ब्यूरो को सवाल भेजने लगते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि एक स्वतंत्र जांच एजेंसी को संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को प्रश्न भेजना कहां तक उचित है।

यह सीधे-सीधे निष्पक्ष जांच में लगे सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाने की चाल की तरह है। जब सरकार रांची में रिम्स-दो अस्पताल जैसे जनकल्याणकारी प्रोजेक्ट्स को लागू करने के लिए कदम उठाती है तो मरांडी और भाजपा के नेता इसका विरोध करते हैं। यह नेता प्रतिपक्ष का काम नहीं है। झारखंड की जनता विकास चाहती है, न कि बाधा उत्पन्न करने वाली सियासत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *