HindiJharkhand NewsNewsPolitics

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री सोरेन पर बोला हमला, कहा- जितना उन्होंने लूटा है, उसकी पाई-पाई वसूली जाएगी

रांची, 03 अक्टूबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब हेमंत सोरेन को जवाब देना होगा और पांच साल का हिसाब भी देना होगा। जितना उन्होंने लूटा है, उसकी पाई-पाई वसूली की जाएगी। अब तक जितनी भी गड़बड़ी हुई है, उसकी जांच कराएं।

बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य में हुए भ्रष्टाचार और घोटाले को लेकर मैंने कई पत्र मुख्यमंत्री को लिखे हैं। सरकार को पहले ही सचेत कर दिया था कि इस तरह की गड़बड़ी हो रही है। इससे खुद बचे और राज्य को भी बचाएं। मरांडी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में अगर राज्य को नहीं बचाएंगे तो खुद भी उसी आग में जल जाएंगे। उन्हें कोई बचा नहीं सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की परिवर्तन यात्रा का समापन दाे अक्टूबर को हजारीबाग में हो गया। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आए थे। परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ 20 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। यात्रा के दौरान केन्द्रीय रक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री ने इसमें भाग लिया। देश के सभी प्रमुख नेताओं ने इसमें शिरकत की। यात्रा को ताकत और मजबूती दी। यात्रा में नारा दिया गया था, ‘ना कहेंगे ना सहेंगे बदल कर रहेंगे’। यह काफी चला। यह नारा आगे भी रहेगा। इसी में एक और नारा दिया गया था ‘हेमंत सोरेन जवाब दो, पांच साल का हिसाब दो’।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पांच साल के हिसाब में कई मुद्दों पर बात होगी। उन्होंने कहा कि साहिबगंज में अवैध तरीके से पत्थर का उत्खनन और अवैध ढुलाई होती रही। घाटों से भी ढुलाई होते रही। रात में भी ढुलाई की गई। सूचना थी कि यहां कभी भी दुर्घटना घट सकती है। इसे लेकर मैंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। मुख्यमंत्री ने पत्र का संज्ञान नहीं लिया। पत्र लिखने के करीब 1 से डेढ़ साल के बाद वाहन दुर्घटना घट गई। जांच हुई तो पता चला कि साहिबगंज में हजारों करोड़ों रुपये का पत्थर घोटाला हुआ है। अभी भी जांच चल रही है। कई लोगों के ऊपर केस है।

मरांडी ने कहा कि कोयला चोरी का भी एक मामला है। कोयला चोरी ने हेमंत सोरेन के कार्यकाल में सारे रिकॉर्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। कोयला चोरी सरकार के संरक्षण में हुआ। कोयला चोरी को लेकर धनबाद में भाजपा की ओर से कई बार धरना प्रदर्शन भी किया गया था। मुख्यमंत्री को इसे लेकर पत्र भी लिखा था। मरांडी ने कहा कि कोयला चोरी की जांच कराने के मामले में हाई कोर्ट में केस था। हाई कोर्ट ने इस मामले की सीबीआई जांच के निर्देश दिए हैं। यह स्वागत योग्य है। इसकी सीबीआई जांच होने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगर सचमुच पाक साफ हैं तो कोयला चोरी में शामिल अफसर को सस्पेंड करें। उनके ऊपर एफआईआर दर्ज करें। नहीं तो यही माना जाएगा कि कोयला चोरी की लूट में हेमंत सोरेन की संलिप्तता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *