भ्रम फैलाने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभाएं बाबूलाल : झामुमो
रांची, 18 जुलाई । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को तथ्य नहीं, सिर्फ आरोप लगाने की आदत है।
उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कहा कि झामुमो ने विपक्ष से अपील किया है कि वह झूठ और भ्रम फैलाने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभाए।
पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। पहली बार राज्य में बाइक एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस जैसी सेवाएं शुरू करने की दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है, ताकि दुर्गम इलाकों में भी चिकित्सा सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके।
पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके कार्यकाल में स्वास्थ्य सुविधाएं सिर्फ कागजों तक सीमित थीं, वे अब विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने जिला अस्पतालों के उन्नयन से लेकर नई स्वास्थ्य योजनाओं तक सभी मोर्चों पर उल्लेखनीय कार्य किया है।