जनता को असली मुद्दों से भटका रही भाजपा : झामुमो
रांची, 22 जून । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी 24 जून को भाजपा की ओर से घोषित आक्रोश प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा राज्य की स्थिर सरकार को अस्थिर करने और जनता को भ्रमित करने की नाकाम कोशिश में एक बार भी जुटती दिख रही है।
विनोद पांडेय ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दिशाहीन भाजपा अपनी ताबूत में अंतिम कील ठोकने की दिशा में अग्रसर है।
भाजपा को जनता ने वर्ष 2019 में पूरी तरह नकार दिया था। सत्ता से बाहर होते ही भाजपा को राज्य में हर जगह अव्यवस्था नजर आने लगी, जबकि सच्चाई यह है कि हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के हर वर्ग के लिए काम किया है चाहे वह किसानों की कर्ज माफी हो, स्थानीय युवाओं के लिए नियोजन नीति हो या महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में उठाया गया सख्त कदम।
उन्होंने कहा कि भाजपा वही पार्टी है जिसने अपने शासनकाल में न तो पेसा कानून लागू किया और न ही स्थानीय नीति बनाई। आज जब राज्य सरकार जनसरोकार से जुड़ी योजनाओं को जमीन पर उतार रही है, तब भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में नजर आने के बजाए दो तिहाई बहुमत से सत्ता में काबिज हुई सरकार पर झूठे आरोप लगाकर न सिर्फ जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, बल्कि जनादेश का अपमान करने से भी बाज नहीं आ रही है।
झामुमो ने भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों और नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए प्रदर्शन की राजनीति करने वाले हैं। जहां तक बात भ्रष्टाचार की है तो भाजपा शासनकाल में नियुक्ति घोटाला और भूमि लूट की घटनाओं को राज्य की जनता भूल नहीं पाई है। और यही कारण है झारखंडवासियों ने लगातार दो बार भाजपा को सत्ता से बेदखल रखने का जनादेश दिया है।