HindiNationalNewsPolitics

भाजपा झारखंड प्रभारी ने गिनाईं केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियां

रामगढ़, 8 जून। राज्यसभा सांसद सह झारखंड भाजपा के संगठन प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने गुरुवार को केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर अपनी महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना की शुरुआत अंबेडकर जयंती के दिन रांची से ही हुई थी। परमवीर अल्बर्ट एक्का के नाम पर देवघर एयरपोर्ट का लोकार्पण हो या संथाल परगना के पांच जिलों को पहली बार गैस पाइपलाइन देने का काम, यह सब भाजपा की सरकार के ही दौरान हुआ है।

पिछले नौ साल में नरेन्द्र मोदी के सफल और आत्मविश्वास भरे नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के जरिए खासा सम्मान बटोरा है। भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में सामान्य जनमानस के लिए विशेष कर आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग चाहे वह किसी जाति धर्म पंथ और पूजा पद्धति के हों, उनकी चिंता करते हुए तमाम विकास योजनाओं को मूर्त रूप दिया है। यही नहीं उन्होंने झारखंड के प्रति भाजपा नीत केंद्र सरकार का झारखंड के प्रति सकारात्मक सोच का जिक्र करते हुए बताया की मुद्रा लोन योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में झारखंड के दुमका जिले से हुई थी। साथ ही 39 एकड़ में नया विधानसभा परिसर और वर्तमान में उद्घाटित हुआ हाईकोर्ट परिसर भाजपा सरकार की देन है।

हजारीबाग, दुमका और पलामू में मेडिकल कॉलेज, रामगढ़ और हजारीबाग में चार पेयजल आपूर्ति योजना, रामगढ़ में देश का तीसरा और पूर्वी भारत का पहला इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने का काम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ही किया है। जनजातीय तबके के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल के माध्यम से 40 परिवारों के बच्चों को बेहतर पढ़ाई का अवसर मुहैया कराने का गौरव भी भाजपा सरकार की ही देन है।

आदिवासी हितों की दावेदारी करने वाले राजनीतिक दलों को आड़े हाथों लेते हुए वाजपेयी ने कहा कि आदिवासी के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने वाले यहां के राजनीतिक दलों ने आदिवासी समाज की बहन द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के समय पुरजोर विरोध किया था लेकिन आदिवासी समाज की बहन को देश के सर्वोच्च पद पर आसीन करने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार की ही देन है। उन्होंने कहा की झारखंड की वर्तमान सरकार युवाओं को प्रति वर्ष पांच लाख नौकरियां देने के वायदे कर सत्ता में आई पर उनसे पूछना चाहता हूं की उन्होंने अभी तक कितनी नौकरियां दी हैं ?

बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा की झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री ने सत्ता में आते ही पत्नी और परिवारों के नाम खनिज, बालू, शराब के साथ साड़ी और धोती के घोटाले किए हैं, जिसके कारण आज ईडी और सीबीआई जांच के बाद उनके कई मंत्री और अधिकारियों समेत कई मंत्री पर एफआईआर दर्ज हुई है। साथ की उनके लूट में हिस्सेदार रहे ब्यूरोक्रेट्स जेल की हवा खा रहे हैं।

राष्ट्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह रैना ने कहा कि महिलाओं को सम्मान,युवाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से मिल रहा मुफ्त प्रशिक्षण, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना से सैचुरेशन मोड में वृद्धों को मिल रही पेंशन योजना, आयुष्मान योजना से लाखों परिवार को पांच लाख तक मुक्त स्वास्थ्य बीमा, क्षेत्र के विकास के लिए सलाना मिल रही ढाई सौ से तीन सौ करोड़ की राशि, किसान, विद्यार्थी, रेलवे लाइन,मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सड़कों का जाल,पर्यटन स्थल, ट्राइबल स्टडीज,पतरातू थर्मल पावर प्लांट,अक्षय पात्रा, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, जल, गैस पाइप लाइन, कोरोना से सुरक्षा के लिए साधन,सांसद मद, मुफ्त राशन आदि धरातल पर विकास की योजनाएं उतरीं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *