केजरीवाल को खत्म करने के लिए ‘आप’ नेताओं पर एफआईआर दर्ज करा रही भाजपा : आप
नयी दिल्ली, 01 मई : आम आदमी पार्टी(आप) ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राजनीति रूप से खत्म करना चाहती है इसलिए पार्टी नेताओं पर रोज नए एफआईआर दर्ज करा रही है।
आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि हर दिन पार्टी के नेता पर एक नयी प्राथमिकी दर्ज होती है। इस देश में भाजपा ने दो कानून लागू किए हैं। एक कानून को खासकर अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बनाया गया है। इसके तहत विपक्ष के हर नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण गुजरात में देखा गया है। आप के गुजरात प्रदेश संयोजक ईसुदान गढवी के खिलाफ वहां एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा का यह पहला कानून विपक्ष, खासकर आम आदमी पार्टी पर लागू होता है। वहीं, दूसरे कानून के तहत भाजपा अपनी पार्टी के लोगों को बचाने के लिए लागू करती है। बड़े से बड़ा जुर्म, दुष्कर्म करने वाले उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं होती है।
श्री चड्ढा ने कहा कि भाजपा आप के तमाम नेताओं के खिलाफ एफआईआर कर उन्हें इसलिए जेल के अंदर डालना चाहती है, क्योंकि आप और अरविंद केजरीवाल में उसे अपना काल नजर आता है। भाजपा जानती है कि उसका राजनीतिक तौर पर अगर कोई सफाया करेगा तो वह सिर्फ अरविंद केजरीवाल है इसलिए आप को खत्म करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा “ आप का एक-एक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल का सिपाही हैं और क्रांतिकारी है। वह आपकी एफआईआर और जेल से नहीं डरता है, लेकिन जितने भी मुकदमें आप हम पर दर्ज करते हैं, उससे यह बात स्पष्ट हो जाती है कि जब-जब भाजपा डरती है वो पुलिस को आगे करती है। उसी का नतीजा है कि गुजरात में आप के प्रदेश अध्यक्ष ईसुदान गढवी पर एफआईआर दर्ज की गई है। हम इसकी कठोर निंदा करते हैं।”
आजाद अशोक
वार्ता