HindiJharkhand NewsNewsPolitics

भाजपा ने की संविधान बदलने की कोशिश : सुबोधकांत

पूर्वी सिंहभूम, 1 जून । पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 400 सीटें मांगकर संविधान बदलने की कोशिश की थी, लेकिन जनता ने उनके इस मंसूबे को नाकाम कर दिया।

सहाय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जातीय जनगणना का मुद्दा सड़क से संसद तक उठाया, जिससे भाजपा को इसे मंजूरी देनी पड़ी। हालांकि भाजपा ने सरना धर्म कोड को शामिल नहीं किया, जिससे आदिवासी समाज का सम्मान प्रभावित हुआ। नोटबंदी को उन्होंने भाजपा की ऐतिहासिक भूल करार दिया।

सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में संविधान बचाओ रैली शुरू की है। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को भाजपा सरकार की संविधान विरोधी नीतियों के प्रति जागरूक करना है। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला, प्रखंड, मंडल, पंचायत और गांव स्तर पर अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंधूर में सेना का पूरा समर्थन दिया था और वीरता के साथ आतंकवादियों को करारा जवाब दिया, लेकिन अचानक सीजफायर की घोषणा कर दी गई।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। वक्फ बोर्ड के संबंध में भी भाजपा सरकार ने जल्दबाजी में फैसला लिया, जिससे अल्पसंख्यकों को नुकसान हुआ है। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कांग्रेस कार्यालय में सुबोधकांत सहाय और शहजादा अनवर का अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया।

प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री अजय सिंह, तरुण डे, संजीव श्रीवास्तव, सलीम खान, बृजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, अरुण सिंह, अमित श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे,राकेश साहू, सन्नी सिंह भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *