HindiJharkhand NewsNews

झारखंड में आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेगी बीजेपी: राजनाथ सिंह

रांची। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) झारखंड में आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाला जाएगा। ये बातें शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहीं। वह चतरा जिले के इटखोरी में परिवर्तन सभा को संबोधित कर रहे थे।

इटखोरी के हाई स्कूल मैदान में हजारीबाग प्रमंडल के भाजपा के परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद राजनाथ सिंह ने परिवर्तन सभा को संबोधित किया। परिवर्तन सभा में उन्होंने राहुल गांधी से लेकर हेमंत सोरेन तक पर हमला बोला। कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी को भी निशाने पर लिया।

राजनाथ सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत किसी भी दागी व्यक्ति को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन को सत्ता से हटाने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में लाने का वक्त आ गया है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत की स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रथाओं के साथ खिलवाड़ किया है। वह भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। झारखंड में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी। हमारी सरकार बनते ही विकास के काम शुरू होंगे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड के विकास की राह में तीन रोड़े हैं – झामुमो, कांग्रेस और राजद। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला. कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की। उन्होंने सिखों को उकसाया है।

हजारीबाग प्रमंडल के परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पहले इटखोरी स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। यहां से वह सड़क मार्ग से हाई स्कूल मैदान इटखोरी पहुंचे और विशाल जनसभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *