HindiNationalNewsPolitics

भाजपा की सदस्यता आठ दिन में हुई दो करोड़ के पार

नयी दिल्ली 10 सितंबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के आठ दिन में सदस्यों की संख्या दो करोड़ से अधिक हो गई है।

पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान इन नौ प्रदेशों में सदस्यता अभियान की समीक्षा के लिए अलग-अलग बैठकें कीं जिनमें प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, सदस्यता प्रमुख, सदस्यता टोली के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के बाद पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने आज शाम यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा के संगठन पर्व के तहत 02 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी का प्रथम सदस्य बन कर भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया था। महज आठ दिन में सदस्यता अभियान के तहत भाजपा की सदस्यता संख्या दो करोड़ को पार कर गई है।

श्री तावड़े ने कहा कि इसी सदस्यता अभियान के संदर्भ में मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा, गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री शाह एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री संतोष ने नौ प्रदेशों के साथ अलग-अलग बैठक कर सदस्यता अभियान की समीक्षा की। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, सदस्यता प्रमुख, सदस्यता टोली के पदाधिकारी शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि इस बैठक में इस बात पर विशेष रूप से चर्चा हुई कि बीते आठ दिनों में जिस सफलतापूर्वक हमारा सदस्यता अभियान चला है उसको और कैसे बेहतर तरीके से संचालित किया जाए। आने वाले दिनों में इसी तरह अन्य प्रदेशों के साथ भी चर्चा की जायेगी।

उन्होंने कहा कि इन चर्चाओं में प्रायः आग्रह यह रहा कि सांसद से लेकर सरपंच तक भाजपा के हर जनप्रतिनिधि को जो लक्ष्य दिया गया है वह कहाँ तक पहुंचा तथा इसे कैसे और अच्छे तरीके से जन-जन तक ले जाया जाए। बैठक में विशेष रूप से सदस्यता अभियान को महिलाओं, सीमावर्ती गाँवों और दूर-दराज पहाड़ी क्षेत्रों में किस तरह और अच्छे तरीके से सफलतापूर्वक चलाया जाए, इस पर चर्चा हुई। चुनाव में जहाँ हमें अपेक्षित वोट नहीं मिले, वहां तक पहुंचना – इस पर भी चर्चा इस बैठक में हुई।

श्री तावड़े ने कहा कि आठ दिनों में सदस्यता अभियान काफी सफलतापूर्वक चला है। आने वाले दिनों में सदस्यता अभियान और अधिक सर्वस्पर्शी एवं सर्व समावेशी कैसी हो, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जो-जो अपेक्षाएं व्यक्त की हैं, उसे पूरा करने का प्रयास कैसे हो, उसकी भी चर्चा आज की बैठक में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *