HindiInternationalNews

ब्रिटेन और ईयू ने रूस पर लगाए प्रतिबंध

ब्रसेल्स। अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए यूरोपीय संघ (ईयू) और ब्रिटेन ने मंगलवार को रूस पर नए प्रतिबंध लगा दिए। ताजा प्रतिबंधों से भारत के साथ चलने वाला रूस का तेल व्यापार भी प्रभावित हो सकता है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की थी लेकिन उन्हें युद्धविराम पर कोई आश्वासन नहीं मिला था। जबकि यूरोप और ब्रिटेन की मांग यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम लागू किए जाने की है।

ब्रिटेन और ईयू ने कहा है कि नए प्रतिबंधों से रूस के पहचान छिपाकर चलने वाले तेल टैंकरों और फाइनेंशियल कंपनियों का संचालन ठप हो जाएगा। साथ ही जिन टैंकरों से जी 7 देशों द्वारा निर्धारित 60 डॉलर प्रति बैरल मूल्य पर अधिकृत रूप से रूसी तेल की आपूर्ति होती है उन्हें भी रोका जाएगा। इसी के साथ पूर्व में लागू प्रतिबंधों का और कड़ाई से पालन किया जाएगा। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और पोलैंड के नेताओं इसी महीने कीव की यात्रा कर रूस से यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम लागू करने के लिए कहा था।

साथ ही चेतावनी दी थी कि युद्धविराम लागू न करने पर रूस पर वे नए प्रतिबंध लगाएंगे। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का रूस के प्रति नरम रुख देखते हुए अमेरिका के बगैर ही इन देशों ने रूस पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। ईयू की विदेशी मामलों की प्रमुख काजा कलास ने कहा है कि रूस पर अन्य प्रतिबंधों के लिए भी तैयारी चल रही है, रूस युद्ध जितना खींचेगा उस पर प्रतिबंध उतने ही सख्त होते चले जाएंगे।

यूक्रेन ने एक बार फिर कहा है कि वह तत्काल युद्धविराम के लिए तैयार है जबकि रूस ने कहा है कि वह बातचीत करके स्थायी शांति कायम किए जाने का पक्षधर है। रूस ने कहा है कि यूक्रेन शांति वार्ता के लिए अपनी अपेक्षाओं का प्रस्ताव बनाकर दे, इसके बाद वार्ता की तिथि तय कर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *