बाहा पर्व पर मुख्यमंत्री ने की सरना पूजा, आदिवासी समाज की एकजुटता पर दिया जोर
रांची, 08 मार्च । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को प्रकृति उपासना के महापर्व ‘बाहा पर्व’ के अवसर पर जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्रीनगर सरना पूजा स्थल, जाहेरथान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक संरक्षण के बहुआयामी दृष्टिकोण पर आधारित योजनाओं से आदिवासी समाज को मजबूती दी जा रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आदिवासी समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है। आदिवासी सभ्यता और संस्कृति झारखंड की पहचान है। आदिवासी समाज ही प्रकृति के असली संरक्षक हैं।
इस मौके पर मंत्री रामदास सोरेन, सांसद जोबा मांझी, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक संजीव सरदार, विधायक सविता महतो, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावे आदिवासी संथाल जाहेरथान समिति के संरक्षक लक्ष्मण टुडू, अध्यक्ष भुवा हांसदा, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम कासके, सचिव पंचू हांसदा, महासचिव भीम के अलावे माझी बाबा बिन्दे सोरेन, सुरेंद्र टुडू एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।