Congress Foundation Day : पार्टी स्थापना दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा
किसानों की हकमारी करने वाली भाजपा देश का भला नहीं कर सकती – आलमगीर आलम
पाकुड, 28 दिसम्बर : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली। कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी, महात्मा गांधी, भीम राव अम्बेडकर, बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
सोमवार को राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इसमें पार्टी के प्रखंड से लेकर जिला कमेटी तक के सभी प्रकोष्ठों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक तक पैदल मार्च किया।तिरंगा यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, इंदिरा गांधी अमर रहे, सोनिया-राहुल जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
स्थापता दिवस के मौके पर राज्य के मंत्री आलमगीर आलम, जिलाध्यक्ष उदय लखमानी सहित कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, महात्मा गांधी, भीम राव अम्बेडकर और बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया।
इस मौके पर मंत्री आलम ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर अबतक कांग्रेस पार्टी दबे-कुचले, दलितों, अल्पसंख्यंकों और किसानों सहित सभी वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। लेकिन आज भाजपा की सरकार किसानों के हितों पर प्रहार कर रही है। मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार को कृषि कानून को हर हाल में वापस लेना होगा।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि किसानों का हक मारने वाली भाजपा सरकार से देश का भला नहीं होने वाला है। तिरंगा यात्रा में निरंजन मिश्रा, अभिषेक रंजन, तस्लीम आरिफ, सज्जाद मेहना, अमीर हमजा, अफजल हुसैन, प्रमोद डोकानिया सहित एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस के अलावा सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल रहे।