HindiJharkhand NewsNewsPolitics

पार्टी की नब्‍ज टटोलने पहुंचे कांग्रेस प्रभारी

रांची, 21 फ़रवरी । प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू शुक्रवार को झारखंड पहुंचे, जहां रांची एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

वहीं मीडिया से बातचीत में के राजू ने कहा है कि उनका उद्देश्य पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा करने के अलावा गांव में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे।

के राजू की योजना पार्टी को मजबूत करने और नए समर्थकों को जोड़ने पर केंद्रित है, जो आगामी चुनावों में पार्टी के लिए फायदेमंद हो सकती है।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, दीपिका पांडेय सिंह, प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, बंधु तिर्की सहित काफी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद थे।

इसके पूर्व के राजू ने बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर, कर्पूरी ठाकुर और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी 25 फरवरी तक झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे और राज्य के दर्जन भर से ज्यादा जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

वे 22 फरवरी को चाईबासा में जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।

साथ ही वे चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की ताजा स्थिति से अवगत होंगे।

23 फरवरी को प्रदेश प्रभारी के राजू बोर्ड-निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद वे पार्टी के मंत्रियों और विधायकों के साथ वन टू वन मिलेंगे और संगठन का फीडबैक लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *