Congress Jharkhand : देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है
रांची, 23 जनवरी : प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि केन्द्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार की जा रही अप्रत्याशित वृद्धि से देश में मंहगाई चरम सीमा पर पहुंच गयी है। इससे आम जनता की कमर टूट चुकी है और उनका बजट गड़बड़ा गया है। इसके कारण देश की जनता के बीच आक्रोश व्याप्त है।
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता आभा सिन्हा ने शनिवार को कहा कि ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी से आम लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण आम जनता की जरूरत की चीजों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। साथ ही रोजमर्रा की चीजें भी मंहगी हो गयी है। मंहगाई आसमान छू रही है। ऐसे में आम जनता का क्या होगा। इससे न तो भाजपा का लेना है और न केन्द्र सरकार का।
उन्होंने कहा कि पूरा देश मंहगाई से त्रस्त हो है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि होने से ऑटो भाड़ा, बस भाड़ा जैसे यातायात के सभी साधनों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिसके कारण ट्रांसपोर्टेशन से आनेवाली चीजों की कीमतों में वृद्धि होना स्वभाविक है, जिससे केन्द्र की भाजपा सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है और न उसे आम जनता से कोई लेना-देना है।