HindiJharkhand NewsNewsPolitics

कांग्रेस निकालेगी तीन मई को संविधान बचाओ महारैली

रांची, 24 अप्रैल । प्रदेश कांग्रेस तीन मई को संविधान बचाओ महारैली निकालेगी। यह रैली पुराना विधानसभा से निकाली जाएगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गुरुवार को दी। प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में लगातार संविधान और संवैधानिक संस्थानों पर हमले हो रहे हैं, लेकिन संविधान की रक्षा के प्रति पार्टी प्रतिबद्ध है। संविधान में नागरिकों को अधिकार दिए गए हैं, लेकिन इन अधिकारों को छिनने का प्रयास सत्ताधारी दल कर रही है। कमलेश ने कहा कि संविधान बदलने का मुखर अभियान देशवासियों के बीच चलाया जा रहा है। इस वास्तविकता से जनता को अवगत कराने के लिए राज्य स्तर के बाद जिला और विधानसभा स्तर पर रैली आयोजित की जाएगी।

लोगों को दी जाएगी संविधान की जानकारी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 40 दिनों तक चलनेवाले संविधान रक्षा अभियान के तहत कांग्रेस घर-घर जाकर संविधान में दिए गए अधिकारों से लोगों को अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता का यह महाअभियान है। जिस दिन आम लोगों के घरों में संविधान होगा। जनता सजग रहेगी और तानाशाह शासन की ओर से संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ रची जा रही साजिशों के खिलाफ संघर्ष में साथी होगी।

वहीं कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि पहलगाम की घटना निंदनीय है। जिस प्रकार हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा गया है उसे साफ है कि आतंकी चाहते हैं कि देश में वे वैमनष्यता फैले और देश की एकता कमजोर हो।

विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि इस देश में खाई सी बनती जा रही है। इसे पाटने के लिए राहुल गांधी ने एकता का संदेश देने के लिए पूरे देश की पदयात्रा की। कांग्रेस का मकसद है कि देश एक सूत्र में बंधा रहे।

मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुजनी, सोनाल शांति सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *