उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त
नई दिल्ली, 27 जून । उत्तराखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की कवायद तेज हो गई है। भाजपा ने इन तीन राज्यों के लिए चुनाव अधिकारी की घोषणा की है। भाजपा संगठन चुनाव के निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण की तरफ से शुक्रवार को एक पत्र जारी किया गया है। इसमें महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषदों के सदस्यों के चुनाव के लिए तीन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषदों के सदस्यों के चुनाव की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दी गई है। महाराष्ट्र की जिम्मेदारी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री किरण रिजिजू को दी है। पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी रविशंकर प्रसाद को दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में फिलहाल महेंद्र भट्ट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। भट्ट का कार्यकाल काफी पहले ही खत्म हो चुका है। अब संगठन राज्य में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव करवा कर किसी नए चेहरे को मौका दे सकता है। महाराष्ट्र के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले हैं। वे अगस्त 2022 में महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष बने थे। भाजपा को अब नए चेहरे की तलाश है। पश्चिम बंगाल में अभी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार हैं।