HindiJharkhand NewsNews

महिलाओं को सशक्त करना मुख्य उद्देश्य : एल खियांग्ते

  • दो दिवसीय महिला पुलिस सम्मेलन का मुख्य सचिव ने किया उद्घाटन

रांची। राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप वन स्थित शौर्य सभागार में दो दिवसीय महिला पुलिस सम्मेलन का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर राज्य में पहली बार महिला पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। मौके पर गृह सचिव वंदना डाडेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, एडीजी सुमन गुप्ता के अलावा कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त करना और महिला नागरिकों के लिए पुलिसिंग को अधिक बेहतर बनाना है। एक महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति से महिलाएं अपनी समस्याओं को बिना हिचकिचाहट के साझा करने के लिए प्रोत्साहित हों। साथ ही महिला अधिकारी की जिम्मेदारी में कोई महिला अपनी समस्याओं को स्वतंत्र रूप से बताने से हिचकिचाये नहीं।

इस दौरान मुख्य सचिव ने फोटो गैलेरी का भी उद्घाटन किया। फोटो गैलरी में महिला पुलिस के विभिन्न खेल प्रतियोगिता, परेड, पुरस्कार से सम्बंधित वृहत फोटो संकलन को प्रदर्शित किया गया है। सम्मेलन में वक्ता के रूप में झालसा सदस्य सचिव रंजना अस्थाना ने “कार्यस्थल पर महिला पुलिस पदाधिकारी की सुरक्षा एवं महिलाओं के खिलाफ अपराध में महिला पुलिस की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर एडीजी सुमन गुप्ता ने बताया कि इस सम्मेलन का थीम है महिला पुलिस, सेवा, सुरक्षा और सम्मान है। इसमें महिला पुलिस को कार्य स्थल पर होने वाली परेशानी, आवश्यकताओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर दो दिनों तक विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें महिला अधिकारियों की चुनौती, उपलब्धि और भविष्य की कार्ययोजना पर विशेष तौर पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के समापन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन शामिल होंगे।

ये छह बिंदु पर होगी चर्चा

-पुलिस और कल्याण मामले में महिलाओं के लिए न्यूनतम सुविधा.

-प्रशिक्षण की आवश्यकताएं और दृष्टिकोण में परिवर्तन।

-पुलिस बल में महिलाओं की उन्नति का समर्थन करने वाली नीतियां।

-पुलिस में महिलाओं के लिए जीवन शैली प्रबंधन।

-पुलिस में महिलाओं के लिए फोरम।

-समाज में योगदान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *