HindiJharkhand NewsNewsPolitics

फैटी लीवर मुक्त रांची अभियान की शुरूआत पांच अप्रैल से : संजय सेठ

रांची, 31 मार्च । रांची में फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नि:शुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी। इसे लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में सोमवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए वे फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान का शुभारंभ पांच अप्रैल को करेंगे।

उन्होंने कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र पूरे देश के लिए एक मॉडल बने यह प्रयास मेरा है। सेठ ने कहा कि राजनीति सिर्फ राजनीति के लिए नहीं होनी चाहिए, बल्कि राजनीति को समाज सेवा का बड़ा माध्यम बनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि देश में फैटी लीवर की समस्या बेहद गंभीर होती जा रही है। आने वाले दिनों में फैटी लिवर महामारी का रूप ले सकती है। नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर की समस्या भी विकराल रूप धारण कर रही है। भारत में प्रत्येक चार लोगों में से एक व्यक्ति फैटी लीवर का शिकार है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि यह निश्चित रूप से हम सब के लिए चिंता का विषय है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि‍ रांची के लोगों में भी फैटी लीवर की समस्याएं आम हैं। उन्होंने कहा कि रांची के लोगों की फैटी लीवर से स्क्रीनिंग हो इसलिए विश्व प्रसिद्ध लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ एसके शरीन के समक्ष सदर अस्पताल, रांची के साथ मिलकर रांची में काम करने का प्रस्ताव रखा था। इसपर डॉ शरीन ने सहमति दे दी है।

सेठ ने बताया कि आईएलबीएस और सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रांची में फैटी लीवर की नि:शुल्क स्क्रीनिंग होगी। प्रथम चरण में मोटे, उच्च रक्तचाप और उच्च जोखिम वाले 30 हजार लोगों के स्क्रीनिंग होगी। मोबाइल वैन आधारित स्क्रीनिंग प्रोग्राम के तहत शहरी और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। चार मोबाइल वैन के माध्यम से फैटी लीवर की स्क्रीनिंग शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *