बूथ मजबूत होगा तो जीत भी सुनिश्चित होगी: मरांडी
पन्ना, 05 जून : झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता पार्टी की नींव है। किसी भी दल की मजबूती उसके बुनियाद के कार्यकर्ता होते हैं। पार्टी की प्राथमिक इकाई बूथ अगर मजबूत होता है तो उस पार्टी को कोई दल हरा नहीं सकता है। चुनाव की असली लड़ाई पोलिंग बूथों पर होती है।
श्री मरांडी ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूरे पर विशेष संकर्प अभियान के अंतर्गत आज जिले के रैपुरा और सिमरिया मोहन्द्रा मंडल के नवमतदाता सम्मेलन, त्रिदेव एवं पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी भी मौजूद रही।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता अगर मजबूत होंगे तो जीत सुनिश्चित होती है। बूथ विजय संकल्प अभियान के समय दो शक्ति केंद्रों को मिलाकर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। हम सभी कार्यकर्ता को केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाना है। पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता अगर मजबूत होंगे तो जीत सुनिश्चित होती है। चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ता ही पार्टी की जीत का आधार बनते हैं। अगर हमें चुनाव जीतना है तो सभी कार्यकर्ताओं को कमर कसकर तैयार हो जाना है।
श्री मरांडी ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता को घर-घर पहुंचकर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है। 2014 के पूर्व कांग्रेस के शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी। ए से लेकर जेड तक सिर्फ भ्रष्टाचार का बोलबाला था। अब चारों ओर मोदी सरकार में विकास की चर्चाएं होती हैं। देश तरक्की कर रहा है, और आगे बढ़ रहा हैं, जिसकी आज पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है।
नवमतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को वोट देने पर लोकतंत्र कमजोर होगा, परिवारतंत्र मजबूत होगा और परिवारतंत्र मजबूत होगा तो भ्रष्टाचार मजबूत होगा। लोकतंत्र को विरोधी ताकतें कमजोर करने में लगी है। उनके इस षडयंत्र को हम सभी को मिलकर विफल करना है और लोकतंत्र को मजबूत बनाना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि बूथ समिति पन्ना प्रमुख हमारी मूलभूत इकाई है। हमने अभी बूथ विजय संकल्प अभियान में काम किया है और बीएलए, बूथ अध्यक्ष और बूथ महामंत्री हमारी शक्ति है। हमने बूथ विजय संकल्प अभियान के समय दो शक्ति केंद्रों को मिलाकर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सुशासन व गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। हम सब कार्यकर्ता 9 वर्ष पूर्ण होने पर घर घर पहुंचेंगे और केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आमजन को बतायेंगे।
श्री शर्मा ने कहा कि हम सब कार्यकर्ताओं को एक साथ मिलकर काम करना है। प्रत्येक कार्यक्रम को ऊर्जा और उत्साह के साथ आयोजित करना है, क्योंकि हमारे त्रिदेव ही हमारी शक्ति हैं। हमें आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में विजय हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही विकास की परिभाषा लिख सकती है। कांग्रेस तो सिर्फ भ्रष्टाचार करती है।
राज्यसभा सांसद श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर की आवाज मध्यप्रदेश में सुनाई देती है। उसी तरह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विकास की गाथा उत्तरप्रदेश तक सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मैहर की सड़कें देखकर रोना आता था। परंतु जब से केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान आए है तब से क्षेत्र एवं मध्यप्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है।
श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि एक समय था जब किसी के घर में बेटियां पैदा होती थी तो वहां मातम फैल जाता था परंतु आज प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक की जिम्मेदारी ली है तब से बेटी पैदा होने पर खुशियां मनायी जाती है। आज हमारी बेटियां किसी से पीछे नहीं है, आसमान छू रहीं हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में पार्टी जिला अध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया, कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, रामअवतार, बबलू पाठक, सदानंद गौतम, पन्ना जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, सुशील त्रिपाठी, विवेक मिश्रा उपस्थित थे।
बघेल
वार्ता