वक्फ संपत्ति का सही उपयोग हो तो सऊदी अरब से भी ज्यादा धनी होंगे भारत के मुसलमान : दुष्यंत
रांची, 22 अप्रैल । प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को वक्फ (संशोधन )संशोधन अधिनियम को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें भाजपा द्वारा चलाए जाने वाले जागरण अभियान की प्रदेश टोली, प्रदेश पदाधिकारी,अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी सहित विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष , और पार्टी के जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत गौतम ने वक्फ संशोधन अधिनियम की बारीकियों एवं संशोधन से होने वाले लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गौतम ने कहा कि वक्फ इस्लामी कानून के अंतर्गत स्थापित एक अपरिवर्तनीय धर्मार्थ निधि है जिसे भारत में वक्फ अधिनियम 1995 के तहत मान्यता प्राप्त है। इसमें इस्लामी कानून के तहत पवित्र,धर्मार्थ कारणों से किए गए सभी दान शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि 2018 की केंद्रीय वक्फ बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 8 लाख एकड़ से अधिक वक्फ संपत्ति है जिसकी कीमत 10 लाख करोड़ से अधिक है।
उन्होंने कहा कि बावजूद इसके आज 31 प्रतिशत मुसलमान गरीबी रेखा से नीचे जीवन जीने को विवश हैं। वक्फ संपत्ति से गरीब मुसलमानों के लिए की कुछ नहीं किया गया। धार्मिक नेताओं और राजनेताओं के बड़े गुट ने वक्फ संपत्तियों को लूटकर आम मुसलमानों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया। इस प्रकार जन कल्याण के लिए बना वक्फ भारत का सबसे बड़ा घोटाला बन चुका है।
उन्होंने कहा कि लगभग 70 प्रतिशत वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा हो चुका है जबकि बाकी संपत्तियां मॉल,होटल और उद्योगों केलिए नाम मात्र किराए पर लीज दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने वक्फ संशोधन कानून 2013 में वक्फ बोर्ड की शक्तियों का विस्तार करके और मनमाने ढंग से भूमि अधिग्रहण को सक्षम करके संपत्ति के अधिकारों को कमजोर कर दिया।
उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 ने असीमित अधिकार को हटाया है। सरकारी संपत्ति को वक्फ संपत्ति घोषित होने से रोकने की पहल की है। बोर्ड में महिलाओं के अधिकार को बढ़ाया है। इसे पारदर्शी बनाकर जवाबदेही सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा कि यदि वक्फ की संपत्ति का सदुपयोग होता तो आज भारत के मुस्लिम भाई बहन सऊदी अरब के मुसलमानों से भी ज्यादा अमीर होते।
उन्होंने कहा कि यह संशोधन कही से भी धार्मिक मान्यताओं पर अतिक्रमण नहीं है। यह संपत्ति से जुड़े मामलों को पारदर्शी बनाने की पहल है। यह विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने का प्रयास है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वक्फ की जमीन को लुटेरों से बचाने के लिए वक्फ संशोधन अधिनियम लाया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्वभाव है दुष्प्रचार करना। पहले सीएए के बारे में,तीन तलाक के बारे में दुष्प्रचार किया।संविधान के बारे में दुष्प्रचार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की कथनी और करनी में आसमान जमीन का अंतर है।
संविधान की कॉपी हाथ में लेकर ये अपने पाप को छुपाना चाहते है। लेकिन जनता जानती है कि इन्होंने संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहब का कितना अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2013 में किये गये वक्फ बोर्ड संशोधन नैसर्गिक न्याय के खिलाफ थी। जमीन लुटेरों को असीमित अधिकार दिए गए थे। मोदी सरकार ने वक्फ की जमीन दान दाताओं के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए और लुटेरों से जमीन को बचाने के लिए वक्फ संशोधन कानून बनाया है। यह गरीब मुसलमानों के हित में लाया गया संशोधन है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्टी जनता के बीच संपर्क संवाद के माध्यम से वक्फ संशोधन कानून को लेकर जनता के बीच जाएगी।
कार्यशाला में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश,जागरण अभियान के प्रभारी प्रदेश महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, सांसद आदित्य साहू, मनोज कुमार सिंह ,राकेश प्रसाद सहित अन्य नेता उपस्थित थे।