HindiJharkhand NewsNewsPolitics

झारखंड कैबिनेट का फैसला: विधानसभा का मानसून सत्र 28 से

– बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी

रांची, 11 जुलाई । झारखंड विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरू होगा, जो चार अगस्त तक चलेगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। साथ ही नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकार के गठन की स्वीकृति दी गई है।

बैठक के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि झारखण्ड राज्य में गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लागू करने के लिए विस्तृत मार्गदर्शिका जारी करने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा केवी ग्रिड सब-स्टेशन चतरा और संबंधित संचरण लाइन के निर्माण के लिए वनापत्ति एवं अन्य कार्यों के मांग के फलस्वरूप द्वितीय पुनरीक्षित परियोजना राशि 302.04 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई। झारखंड राज्य अमीन संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा-शर्त) (संशोधन) नियमावली-2023 के गठन की स्वीकृति दी गई। कार्यभारित स्थापना से नियमित स्थापना में लाये गये कर्मियों को सेवांत लाभों की अनुमान्यता की स्वीकृति दी गई। राज्य पर्यटन संवर्धन समिति के पुर्नगठन की मंजूरी दी गई।

इसके अलावा पंचखेरो जलाशय योजना के लिये रुपये 17543.51 लाख (एक सौ पचहत्तर करोड़ तैंतालीस लाख एकावन हजार) मात्र के चतुर्थ पुनरीक्षित प्राक्कलन की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

कैबिनेट की बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

झारखंड राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों के लिए सहायक आचार्य संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त) (द्वितीय संशोधन) नियमावली, 2023 की स्वीकृति दी गई।

आतंकवादी/उग्रवादी/जातीय हमले में क्षतिग्रस्त चल-अचल सम्पत्ति के नुकसान के एवज में सामान्य नागरिकों को क्षतिपूर्ति अनुदान की स्वीकृति संबंधी विभागीय संकल्प सं०-4215, दिनांक- 10.07.2010 में संशोधन की स्वीकृति दी गई। झारखण्ड अग्निशमन सेवा के अवर सेवा संवर्ग (नियुक्ति / प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्ते) (यथा संशोधित 2017 एवं 2022 ) नियमावली, 2011 में संशोधन की मंजूरी दी गई। झारखंड पर्यटन विकास और निबंधन अधिनियम, 2015 के तहत झारखण्ड पर्यटक व्यापार पंजीकरण नियमावली 2023 की मंजूरी दी गई।

तमिलनाडु राज्य में झारखंड राज्य के प्रवासी श्रमिकों की समस्याओं की समीक्षा एवं निराकरण के लिए भेजे गये विभागीय प्रतिनिधि के सदस्य अभिषेक वर्मा, श्रम अधीक्षक, रामगढ़ (वेतनमान लेवल-9) के द्वारा की गई वायुयान की यात्रा की घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।

डीवीसी कमांड एरिया में संचरण की स्वीकृत 13 नयी परियोजनाओं के लिए वनापत्ति एवं अन्य वैद्यानिक अनापत्ति के फलस्वरूप द्वितीय पुनरीक्षित परियोजना राशि 1283.74 करोड़ की प्रशासनिक मंजूरी दी गई।

स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत झारखंड स्वास्थ्य क्षेत्रीय कार्यकर्ता संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवाशर्त) नियमावली-2023 के गठन की स्वीकृति दी गई।

सेवाकाल में मृत नगरपालिका कर्मी (नगर निगम / नगर परिषद / नगर पंचायत / अधिसूचित क्षेत्र समिति के कर्मी) के आश्रित को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति के लिए नीति निर्धारण की मंजूरी दी गई। झारखंड बाल विकास अराजपत्रित कर्मचारी (महिला पर्यवेक्षिका) सेवा संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति तथा सेवा शर्त) (द्वितीय संशोधन) नियमावली- 2023 की स्वीकृति दी गई। राज्यान्तर्गत कारा में संसीमित बंदियों की मृत्यु के बाद उनके निकटतम आश्रित को अनुग्रह अनुदान राशि के भुगतान की स्वीकृति दी गई।

झारखण्ड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों का अवरुद्ध वार्षिक वेतनवृद्धि का लाभ देने के प्रस्ताव पर स्वीकृति दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *