Jharkhand Congress : कांग्रेस की बैठक में ट्रैक्टर रैली ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ को लेकर चर्चा
रांची, 07 नवम्बर। झारखण्ड कांग्रेस की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केन्द्र सरकार द्वारा पारित किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ नौ नवम्बर को आयोजित ट्रैक्टर रैली ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ के संबंध में चर्चा किया गया।
बैठक में ट्रैक्टर रैली को सफल बनाने के लिए नेताओं ने अपनी-अपनी राय रखी। जिस तरह से पंजाब में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ का सफल आयोजन हुआ। उसी तरह रांची में किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ निकालकर किसान विरोधी बिलों का विरोध किया जायेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नामकुम प्रखंड के रामपुर सावना लकड़ा चैक से ट्रैक्टर रैली ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ निकल कर नामकोम प्रखंड मुख्यालय, नामकुम, राजेन्द्र प्रसाद चौक होते हुए धुर्वा तक पहुंचेगी, जहां सभा का आयोजन किया जायेगा। उरांव ने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार केन्द्र में बनी है। गरीब, मजदूर एवं किसान दिन-प्रतिदिन पीछे होते चले जा रहे हैं। केन्द्र सरकार को चाहिए कि किसानों के विकास के लिए बेहतर कानून बनाये, लेकिन ऐसा न करके किसान विरोधी कानून लाया गया, जिससे कि किसान के द्वारा उपजाए हुए अनाज भाजपा के पूंजीपति मित्र कम दामों पर आसानी से खरीद सकें।
(हि. स.)