Jharkhand Congress : कांग्रेस के चारों मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
Insight Online News
रांची, 16 मई : आगामी 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर गरीबों के सहायतार्थ आयोजित कार्यक्रम की सफलता को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस रिलीफ टास्क फोर्स कमिटी के चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव से रविवार को बात की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजीव गांधी की पुण्यतिथि को सद्भावना दिवस के रूप में मनाती है। राज्यों में एवं देश में कई कार्यक्रम आयोजित करती है उनके कृत्यों को याद करती हैं। लेकिन कोरोना महामारी के कारण आज सबसे जरूरी काम संक्रमित लोगों तक मेडिकली राहत पहुंचाना एवं जरूरतमंद लोगों को सहायता करना राजीव गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उरांव ने कहा कि कोविड महामारी को देखते हुए पार्टी कोई बड़ी सभा या आयोजन तो नहीं करेगी। लेकिन निर्देशानुसार गरीब एवं जरूरतमंदों के बीच जीवन रक्षक दवाइयां, फल, भोजन, राशन, मास्क, पीपीई किट, ग्लब्स इत्यादि सामग्री उपलब्ध करायेगी।
प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कार्यक्रम की सफलता को लेकर झारखंड को चार जोन में बांटा गया है। कांग्रेस के चारों मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जिसके तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला लोहरदगा एवं लातेहार जिला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम को दुमका, साहिबगंज, पाकुड़,गोड्डा,जामताड़ा, देवघर का प्रभार सौंपा गया है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद में जिम्मेदारी दी गई है। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को पलामू, गढ़वा, चतरा, गिरीडीह, हजारीबाग, कोडरमा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार