HindiJharkhand NewsNewsPolitics

Jharkhand : सरकार अपने वादों को पूरा करने में असफल :सुदेश महतो

रांची, 13 अप्रैल । आजसू पार्टी ने रांची के मोरहाबादी के बापू वाटिका से समाहरणालय तक गुरुवार को न्याय मार्च निकाला। पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो के नेतृत्व में निकाले गये न्याय मार्च में आजसू के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। आजसू ने डीसी राहुल कुमार सिन्हा को अपनी सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सुदेश महतो ने झारखंड की वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का कार्यकाल पूरा होने को है।

लेकिन यह सरकार अपने वादों को पूरा करने में असफल रही है। आरोप लगाया कि सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में झारखंडी भावना, उम्मीद और जनादेश के साथ विश्वासघात किया है। जनता अब इन चीजों से ऊब चुकी है। महतो ने कहा कि महागठबंधन की सरकार ने युवा, किसान, मजदूर, गरीब, बुजुर्ग सभी को ठगने का काम किया है। सरकार ने अपने कार्यकाल में न तो वैकेंसी निकाली। ना ही भर्ती परीक्षा ली गयी। पदों पर नियुक्तियां नहीं हुई। बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी नहीं दिया गया। जबकि मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि सत्ता में आते ही पहले साल पांच लाख युवाओं को नौकरी देंगे। महतो ने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी केवल अपनी जेब भरने का काम कर रहे हैं। चारों तरफ खनिज संपदा की लूट मची हुई है।

मौके पर आजसू के प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि बड़े पैमाने पर संसाधनों की लूट और भ्रष्टाचार के कारण राज्य का विकास अवरुद्ध हो रहा है। अराजकता की वजह से राज्य की छवि लगातार खराब हो रही है। आजसू पार्टी ने साढ़े तीन करोड़ जनता के हित में विचार मंथन कर जनादेश का हिसाब लेने के लिए राज्य भर में न्याय मार्च निकाला है। ज्ञात हो कि आजसू पार्टी अप्रैल माह को सामाजिक न्याय महीना के रूप में मना रही है। इसके तहत कई कार्यक्रम आयोजित किये जाने हैं। उन्होंने बताया कि आजसू की सात सूत्री मांगों में खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, जातीय जनगणना एवं पिछड़ों को आबादी के अनुसार आरक्षण सुनिश्चित करने, पूर्व में जो जातियां अनुसूचित जनजाति की सूची में थे, उन्हें पुनः अनुसूचित जनजाति में शामिल करने, सरना धर्म कोड लागू करने, बेरोजगारों को रोजगार देने, झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान देने और झारखंड के संसाधनों की लूट बंद करना शामिल है।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने के साथ -साथ हर मोर्चा पर नाकाम रही है। इस सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को ना तो आरक्षण मिला और ना ही किसी भी प्रकार की सुविधा दी गयी। सीमा सिंह ने कहा कि आगामी चुनाव में आजसू पार्टी इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *