Jharkhand : झारखंड जनता दल का 16 अक्टूबर को जदयू में होगा विलय: गौतम सागर
झारखंड जनता दल का 16 अक्टूबर को जदयू में होगा विलय: गौतम सागर
रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड जनता दल के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि झारखंड जनता दल का 16 अक्टूबर को जदयू में विलय होगा। कार्निवल हॉल रांची में आयोजित समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की मौजूदगी में पार्टी का विलय होगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी जदयू की विचारधारा से प्रभावित होकर उसमें शामिल हो रही है। सांप्रदायिक ताकतों से मुकाबला करने के लिए हम लोग नीतीश कुमार के साथ मिलकर काम करेंगे।
राणा गुरुवार को रांची के होटल एवीएन ग्रैंड में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में सांप्रदायिक विचारधारा का बोलबाला है लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से नाता तोड़ कर इसको चुनौती दी है। भाजपा की सांप्रदायिक सोच, पूंजीवाद और बेरोजगारी के खिलाफ आज राष्ट्रीय पटल पर वैचारिक लड़ाई में एकजुट होने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि नवंबर में जदयू की एक विशाल रैली झारखंड में होगी। 2024 में पूरे देश में यूपीए और एनडीए गठबंधन के बीच चुनावी मुकाबला होगा।
पत्रकार वार्ता में झारखंड जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष आबिद अली, उपाध्यक्ष अर्जुन यादव, संसदीय बोर्ड की अध्यक्ष शारदा देवी, प्रभात रंजन, प्रदेश महासचिव प्रणय कुमार बबलू विक्रांत विश्वकर्मा, चंद्रशेखर भगत, राजेश कुमार, शब्बर फातमी, रामानंद शर्मा, शाहिद इकबाल ,शाहबाज अहमद सहित कई लोग मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार