Jharkhand : गुमला में भारत जोड़ो पदयात्रा कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के कई दिग्गज नेता
गुमला,5 दिसंबर। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को जिला मुख्यालय में भारत जोड़ो यात्रा सह सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। उन्होंने परमवीर अलबर्ट एक्का व डा.भीम राव अंबेदकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद शहीद तेलंगा खड़िया स्टेडियम में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि कि राहुल गांधी द्वारा साढ़े तीन हजार किलोमीटर की भारत जोडो पदयात्रा निकाली गई है। इसके माध्यम से वे देश को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश दे रहें हैं। यह यात्रा सिर्फ ऐतिहासिक ही नहीं है, बल्कि भारत देश में विभिन्न भाषाओं, जातियों को एकता का संदेश देते हुए देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी के प्रति भी आम जनता को जागरूक कर रहें हैं।
उन्होंने राज्य के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं जनता से उन राजनेताओं से दूर रहने की अपील की जो देश में धर्म और जाति को लेकर आपस में लडाने में लगे हुए हैं । मंच से भाजपा पर भी निशाना साधा गया। उन्होंने नये जिलाध्यक्ष को लेकर साफ कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वमान्य होता है और यह नहीं समझना चाहिए कि हमें जगह नहीं दी गई है। कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है और सभी समुदायों जातियों को विभिन्न पदों पर जगह देती आ रही है ।
हिन्दुस्थान समाचार