झारखंड : सिमडेगा चर्च में भीषण डाका, धर्मगुरुओं को बुरी तरह से पीटा; लगवाए धार्मिक नारे
सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले के समसेरा स्थित चर्च में रविवार की रात लगभग 1:30 बजे पांच नकाबपोश और हथियारबंद डकैतों ने आतंक मचाया। चर्च में रखे आठ लाख रुपये से अधिक की लूट की और पल्ली पुरोहितों के साथ मारपीट की। मारपीट से तीन धर्मगुरु घायल हो गए।
डकैतों ने धर्मगुरुओं के सिर पर कट्टा तानकर “अल्लाहु अकबर” के नारे भी लगवाए। इस घटना के बाद ईसाई समाज के लोग दहशत में हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह ईसाई समाज के लोग सड़क पर उतर गए। सड़क जाम कर विरोध प्रकट किया। चर्च में प्रवेश करने के बाद डकैतों ने लगभग एक घंटे तक आतंक मचाया।
चर्च में रखे पैसे के बारे में जानकारी ली और डकैती की। पल्ली पुरोहित फादर इंग्नासियुस टोप्पो, समसेरा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अगुस्टिन डुंगडुंग, और सहायक पल्ली पुरोहित रोशन पर जानलेवा हमला किया। तीनों को गंभीर हालत में बोलबा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सहायक पल्ली पुरोहित रोशन ने बताया कि डकैत डुप्लीकेट चाबी लेकर आए थे और सबसे पहले फादर टोप्पो के कमरे में घुसे। उन्होंने फादर से अन्य लोगों के सोने के स्थान के बारे में पूछा और फिर उन्हें लाठी से पीटते हुए अन्य कमरों में ले गए। सभी को बारी-बारी से पीटते हुए कट्टा का भय दिखाकर “अल्लाहु अकबर” के नारे लगाने को कहा गया।
डकैतों में से एक ने कट्टा और दूसरे ने बड़ी भुजाली पकड़ी हुई थी। डकैतों ने स्कूल, पल्ली और चर्च से मिलाकर लगभग आठ लाख रुपये की लूट की। सभी डकैत ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे। फादर इंग्नासियुस टोप्पो ने कहा कि यह डकैती की तीसरी घटना है, इससे पहले भी दो बार डकैती हो चुकी है।
बोलबा थाना की पुलिस ने पूरे प्रखंड क्षेत्र की सीमाएं सील कर दी हैं और छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।