Jharkhand : पूर्व मंत्री एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का ने कोर्ट में किया सरेंडर
रांची, 26 जनवरी । आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी पूर्व मंत्री एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का ने रांची सीबीआई कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रांची सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश प्रभात शर्मा की कोर्ट में बुधवार को मेनन एक्का ने सरेंडर किया। वह प्रोविजनल बेल पर थीं। प्रोविजनल बेल की अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
इससे पूर्व हाई कोर्ट ने मनी लाउंड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के केस में दोषी पूर्व मंत्री एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का की अपील याचिका खारिज करते हुए ईडी कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा है। ईडी कोर्ट और सीबीआई कोर्ट द्वारा अलग-अलग मामलों में दोषी करार दिये जाने के बाद पूर्व मंत्री एनोस एक्का ने झारखंड हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद एनोस एक्का और उनकी पत्नी की याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। 20 करोड़ 31 लाख 77 हजार रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एनोस एक्का सजायाफ्ता हैं और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।
हिन्दुस्थान समाचार