HindiJharkhand NewsNewsPolitics

Jharkhand : सामाजिक समरसता के राष्ट्रवादी चिंतक बाबा साहब आंबेडकर : दीपक प्रकाश

रांची, 14 अप्रैल। झारखंड प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को बूथ स्तर पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती को सामाजिक समरसता एवं न्याय दिवस के रूप में मनाया। सभी स्थानों पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि युगों-युगों के बाद धरती पर ऐसे महामानव का जन्म होता है। विषम परिस्थितियों से लड़ते हुए इतिहास रचने वाला व्यक्तित्व ही राष्ट्र और समाज के लिए आदर्श बनता है, लोगों की प्रेरणा बनता है। उन्होंने कहा कि डॉ आंबेडकर ने अपने राष्ट्रवादी चिंतन से सामाजिक समरसता के लिए देश को एक नई दिशा दी। वे समाज विशेष के लिए ही नहीं बल्कि भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणापुंज हैं।

विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने आंबेडकर को उनकी 132वीं जयंती पर गिरिडीह के तीसरी स्थित वर्णवाल धर्मशाला में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर की सोच लोकतंत्र की आवश्यक शर्त है। उनके विचार भारत के संविधान में स्पष्ट रेखांकित हुए हैं। आज भारत का लोकतंत्र संविधान के अनुरूप लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प पूरा होना बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रदेश कार्यालय में डॉ आंबेडकर के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि एक दृढ़ संकल्प का दूसरा नाम है डॉ भीमराव आंबेडकर जिन्होंने अमानवीय घटनाओं के खिलाफ आवाज बुलंद करने की कोशिश की। उन्होंने पीड़ित, शोषित समाज को शिक्षित बनो,संगठित रहो और जागृत बनो का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *