Jharkhand : मोदी सरकार के नौ साल ने 2047 के भारत की मजबूत नींव तैयार की : कर्मवीर सिंह
रांची, 2 जून। चतरा और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र की महाजनसंपर्क अभियान तथा भाजपा सरकार के नौ साल के जन-कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी कार्यकर्ताओं की बैठक शुक्रवार को लातेहार जिलांतर्गत चंदवा में संपन्न हुई। बैठक में अभियान की योजना-रचना की जानकारी दी गई तथा तैयारियों की समीक्षा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल बेमिसाल हैं। नौ वर्षों में एक भारत श्रेष्ठ भारत की नींव मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि 2047 में आजादी के 100 साल पूरा होने पर भारत दुनिया का सर्वाधिक मजबूत, स्वावलंबी, आत्मनिर्भर भारत होगा इसकी झलक दिखाई पड़ रही है।
उन्होंने कहा एक तरफ अंत्योदय का लक्ष्य साकार हो रहा। गांव, गरीब, किसान का जीवन स्तर ऊंचा हो रहा। दलित, वंचित समाज विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहा। दूसरी तरफ भारत की सांस्कृतिक विरासत महामंडित हो रही। उन्होंने महासंपर्क अभियान में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के समीर उरांव, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, चतरा एवम लातेहार जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी गण सहित पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार