Jharkhand : रांची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अजय शाह समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल

रांची, 26 मई । भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को महानगर जिला के मिलन समारोह में रांची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अजय साह समर्थकों के साथ कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शाह को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित होकर लोग भाजपा में लगातार शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केन्द्र की मोदी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धि की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य सामने है और 2024 के चुनाव में तीसरी बार केन्द्र में मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाना है।

अजय शाह ने कहा कि रांची सीडब्ल्यूसी 11 अप्रैल, 2022 में ज्वाइन किया था। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी फुल टाइम एम्प्लॉइमेंट नहीं है। जुवेनाइल जस्टिस एक्ट सेक्शन 88(5) के तहत सीडब्ल्यूसी का मेंबर किसी भी सीसीआई (चाइल्ड केयर होम) या शेल्टर होम से जुड़ा नहीं होना चाहिए। साथ ही किसी भी पॉलिटिकल पार्टी में पोस्ट होल्डर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी वो सिर्फ भाजपा के सदस्य बने हैं। पार्टी में किसी तरह का कोई पोस्ट नहीं लिया है।

अजय साह युवा कांग्रेस में लंबे समय से रहे हैं। वो झारखंड और महाराष्ट्र में युवा कांग्रेस और एनएसयूसीआई के कई अहम पदों पर रहे हैं। राजनीति के अलावा अजय साह शिक्षाविद भी हैं। राजनीतिक और नैतिक विज्ञान के बतौर शिक्षक अजय साह राजधानी में एक कोचिंग संस्थान से भी जुड़े हुए हैं। इससे पहले भारत सरकार के ऑडिट विभाग में भी अजय साह कार्य कर चुके हैं, जहां से उन्होंने इस्तीफा देकर युवा कांग्रेस ज्वाइन किया था।

महानगर भाजपा अध्यक्ष केके गुप्ता ने अजय साह के पार्टी में सम्मिलित होने पर खुशी जताते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। भाजपा में शामिल होने वालों में चाणक्य आईएएस एकेडमी के सीईओ अभिनव मिश्रा, अधिवक्ता संजय साह, राजवर्धन, प्रवीण शंकर, ओम प्रकाश, ब्रजेश झा, वसीम खान, मिराज खान, राजेश प्रसाद ,शुभम झा, उज्ज्वल गुप्ता, अजय शर्मा, अभिजीत राज, अनीश देव, प्रखर लोहिया, रौशन गोनू, विशाल, उमाशंकर सहित अन्य शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *