Jharkhand : हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ आंदोलन की आहट से घबराया झामुमो: भाजपा
रांची, 9 अप्रैल। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा के हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ आंदोलन की आहट से ही झामुमो के पसीने छूटने लगे। चोर की दाढ़ी में तिनका का स्पष्ट उदाहरण झामुमो ने रविवार को प्रेस वार्ता में दिखा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सिंह रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं व पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झूठ, लूट वाली सरकार के भ्रष्टाचार की परत अब आम जनता के बीच खुलने लगी हैं। राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, युवा, किसान सभी ठगे जा चुके हैं। बहन बेटियों से बलात्कार की पांच हजार की घटनाओं ने राज्य को कलंकित किया है। मुख्यमंत्री से लेकर राज्य के प्रशासनिक पदाधिकारियों ने खान खनिज को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि इस सरकार की नीति और नीयत दोनों में खोट है। नियोजन नीति के नाम पर इस सरकार ने राज्य के युवाओं को पिछले तीन सालों से भटकाया है। वोट बैंक और तुष्टिकरण ,धर्मांतरण,की राजनीति ने जनता को सरकार के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य कर दिया है। भाजपा झामुमो की तरह झूठ का ढिंढोरा नहीं पिटती। कोरोना में मजदूरों को हवाई जहाज से पहुंचाने का झूठा प्रचार जनता को याद है। सबको पता है कि किराए के पैसे किसने भरे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। नक्सली फिर से सिर उठाने लग गए। राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप है। अस्पतालों में दवाई नही, स्कूल में शिक्षक नहीं। भाजपा लगातार सड़क से सदन तक जनता के सवालों पर संघर्ष कर रही है। प्रखंड और जिला स्तरीय प्रदर्शन के बाद भाजपा ने राज्य स्तरीय प्रदर्शन के साथ सचिवालय घेराव का आह्वान पहले ही किया था। उन्होंने कहा कि जनाक्रोश के आगे हेमंत सरकार की कुर्सी हिलती नजर आ रही।
हिन्दुस्थान समाचार