Jharkhand : प्रदेश भाजपा का सेवा पखवाड़ा 17 से, पार्टी मुख्यालय में लगेगी मोदी पर प्रदर्शनी
रांची, 16 सितंबर । प्रदेश भाजपा का सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा। इसके तहत शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश इसका उद्घाटन करेंगे।
दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में भाजपा सभी जिला, मंडल और बूथों में जनसेवा के कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। 15 तरह के सेवा कार्यक्रमों के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से 45 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सेवा पखवाड़ा भाजपा सभी जिलों में रक्तदान शिविर का आयोजन करेगी। नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा औऱ दिव्यांगों के बीच कृत्रिम अंग और उपकरणों का वितरण किया जाएगा। कोविड टीकाकरण केंद्रों पर भी सेवा कार्य किया जाएगा। सभी जिलों के बूथों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम और सभी मंडलों में दो दिन का स्वच्छता अभियान और जल ही जीवन जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।
वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा
वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए भी जागरुकता अभियान चलेगा। टीबी मरीजों के लिए भोजन और आजीविका संबंधी कार्य किये जाएंगे। सभी जिलों में विविधता में एकता का उत्सव मनाया जाएगा। मोदी@20पुस्तक का विमोचन होगा। धूमधाम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी। प्रबुद्धजन एवं बुद्धिजीवियों का सम्मेलन होगा। नरेन्द्र मोदी को शुभकामना पत्र भेजे जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार